लखनऊ :- प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का जीपीओ पर जोरदार प्रदर्शन

 



युवा गौरव। सुखलाल


लखनऊ। यूपी सरकार की खराब नीतियों व कानून व्यवस्था को लेकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज खत्म हो चुका है और इस सरकार में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं। उनके सामने योगी सरकार पूरी तरह लाचार नजर आ रही है। शिवपाल ने कार्यकर्ताओं संग पार्टी कार्यालय से लेकर राजभवन तक मार्च निकाला और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता व नेता मौजूद रहे। वहीं इस प्रदर्शन में कुछ कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की तरफ कूच किया। जिसमें पुलिस की उन कार्यकर्ताओं से नोंकझोंक हुई तभी पुलिस ने उन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर इको गार्डन भेजा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता प्रसपा कार्यालय के बाहर इकट्ठे हुए। कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से नारेबाजी करते हुए निकले। लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इससे नाराज कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगे। विशाल प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मनाने का प्रयास किया लेकिन वह उग्र हो गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों को धक्कामुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान मौके पर पहुंचे जिला प्रशासन के अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर प्रदर्शन समाप्त कराया। प्रदर्शन के दौरान उस रास्ते सहित आस पास की गलियां में भी जाम लग गया। घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने यातायात को सुचारु रूप से चालू करवाया। साथ ही राज्यपाल को ज्ञापन दिया गया है।