आईआईएम से सरकार सीखे कैसे समय से पूरा होता है प्रोजेक्ट : अखिलेश यादव

 

युवा गौरव। राज प्रताप सिंह 

 

लखनऊ ब्यूरो। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि योगी सरकार का बार- बार आईआईएम जाने का क्या मतलब है। इस से अच्छा होता यूपी को दो और आईआईएम मिल जाते। अखिलेश यादव ने समाजवादी चिंतक मोहन सिंह की पुण्यतिथि के मौके पर सपा मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि आईआईएम के प्रोफ़ेसर के यूपी सरकार को बता सकते हैं कि लखनऊ -आगरा एक्सप्रेस- वे जैसे प्रोजेक्ट कैसे समय से पूरे किए जा सकते हैं और उस पर फाइटर प्लेन उतर सकते हैं। लखनऊ का खूबसूरत गोमती रिवर फ्रंट बिजनेस मॉडल कैसे हो सकता है। हमने इसे खूबसूरत बनाने के लिए फौव्वारा लगाने की योजना बनाई थी। यह देश का बहुत सुंदर पर्यटन केंद्र बन सकता था। इसे देखने दूर दूर से आते और सरकार की आमदनी होती। अखिलेश यादव ने कहा कि आईआईएम से यह भी सीखा जा सकता है कि कैसे एक्सप्रेस- वे व अन्य राजमार्गों पर आवारा पशुओं को उसे दूर रखा जाए ताकि दुर्घटनाएं न हों। सपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर यह भाजपा नहीं सीख सकती , कर सकती है तो उसे सपा के लिए रास्ता छोड़ देना चाहिए। हम सत्ता में आकर बताएंगे कि कैसे समय से व बेहतरीन प्रोजेक्ट तैयार होते हैं। अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकतंत्र पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। भाजपा देश पर तानाशाही लादने की साजिश कर रही है। नागरिक अधिकारों का हनन हो रहा है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा कारपोरेट संसार के पक्ष में खड़ी है। भाजपा कारपोरेट संस्थाओं को ताकत देने का काम करती है। वह स्वदेशी उत्पादन के विरोध में है। प्रधानमंत्री जी द्वारा अमेरिका में बैठकर अमेरिकन कृषि उत्पादों के आयात की बात करना भारत के हित में नहीं है। इससे किसान भी बुरी तरह प्रभावित होगा।