रक्षा पेंशन अदालत आज से, राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन


युवा गौरव। राज प्रताप सिंह


लखनऊ ब्यूरो। प्रदेश के भूतपूर्व सैनिकों के लिए दो दिवसीय पेंशन अदालत का आयोजन शनिवार व रविवार को छावनी स्थित सेना चिकित्सा कोर केन्द्र एवं कॉलेज के स्टेडियम में किया जाएगा। इसका उद्घाटन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रविवार को सुबह दस बजे करेंगे। इसमें पेंशनरों की पेंशन सम्बंधित शिकायतों का निस्तारण होगा। मध्य कमान एवं रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (पेंशन) प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पेशन अदालत के लिए तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मध्य कमान के सेनाध्यक्ष ले. जनरल इकरूप सिंह घुमन ने गुरुवार को रक्षा पेंशन अदालत की तैयारियों का जायजा भी लिया था। मौजूद अधिकारियों को कुछ जरूरी निर्देश दिए थे। पेंशन अदालत में भूतपूर्व सैनिकों एवं विधवाओं की पेंशन से जुड़े मामलों को मौके पर निस्तारित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के लगभग एक हजार पेंशनर्स के भाग लेने की संभावना है। विभिन्न सैन्य रेजिमेन्टों के 'अभिलेख कार्यालय के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान रक्षा लेखा महानियंत्रक संजीव मित्तल व मध्य कमान के सेनाध्यक्ष ले. जनरल इकरूप सिंह घुमन मौजूद भी रहेंगे। अदालत में भूतपूर्व सैनिकों चिकित्सा जांच भी सुविधा रहेगी। इसके अलावा सुविधा के मद्देजनर कई काउंटर लगाएंगे जाएंगे। बुजुर्ग भूतपूर्व सैनिकों एवं विरांगनाओं के एक काउन्टर से दूसरे काउन्टर पर जाने के लिए ई-रिक्शा की सुविधा रहेगी। साथ ही दोपहर में भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।