सेना में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी : राजनाथ सिंह

 



रक्षा मंत्री का महिला उद्यमियों के साथ 'फेस टू फेस कार्यक्रम


युवा गौरव। राज प्रताप सिंह


लखनऊ ब्यूरो। सेना में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही राजनीतिक भागीदारी में भी महिलाओं को बढ़ावा मिलना चाहिए। चुनाव जीतने वाली महिलाओं को आगे आना चाहिए। यह बातें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिक्की फ्लो लखनऊ के तीन दिवसीय अंतरराज्यीय सम्मेलन में कही। शनिवार को फिक्की फ्लो के अंतरराज्जीय सम्मेलन के दूसरे दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देशभर की 300 महिला उद्यमियों के साथ 'फेस टू फेस कार्यक्रम में भाग लिया। महिला उद्यमी के इस सवाल पर कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस ने आजाद हिंद फौज में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए महिला फौज भी बनाई थी। इसके जवाब में रक्षामंत्री ने कहा कि फौज में महिला अधिकारियों की संख्या बढ़ी है, आगे भी इस पर काम होता रहेगा।


 


चुनाव जीतने वाली महिलाएं आगे आएं


महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब वह अध्यक्ष रहे तो संगठन में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू किया था। जिसे पार्टी के पदाधिकारियों ने स्वीकार भी किया। उन्होंने कहाकि चुनाव जीतने वाली महिलाओं को आगे आना चाहिए।


 


बैंक न सुनें तो करें शिकायत


बैंक महिला उद्यमियों को ऋण देने में आनाकानी करते हैं इस पर रक्षा मंत्री ने कहा कि बैंक ऐसा नहीं कर सकती हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश में मुद्रा लोन योजना चलाई जिसके जरिए बिना किसी सिक्योरिटी के उद्यमियों को ऋण दिया जा रहा है। अगर कहीं बैंक ऋण देने में आनाकानी कर रही हैं तो इसकी शिकायत की जा सकती है। इस मौके पर फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय अध्यक्ष हरविन्दर कौर और लखनऊ चैप्टर की माधुरी हलवासिया समेत देशभर से आई लगभग 300 महिला उद्यमियों ने भाग लिया।