भाजपा जनता को गैरजरूरी सवालों में उलझाये रखना चाहती है : अखिलेश

युवा गौरव। राज प्रताप सिंह

 

लखनऊ ब्यूरो। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा जन सरोकारों के असली मुद्दों से ध्यान हटा कर अनावश्यक सवालों के जरिये जनता को परेशानी में फंसानें में लगी है और इसे अपनी उपलब्धि समझती है।

 

अखिलेश ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार जिसे अपनी सफलता समझने लगी है उससे जनता दुःखी परेशान और आक्रोशित है। उत्तर प्रदेश की स्थिति तो बहुत खराब है। हालात यहां तक भयावह है कि किसानों नौजवानों छोटे व्यापारियों एवं दुकानदारों को भाजपा सरकार ने निराश ही किया है।

 

उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार से जनता कराह उठी है। न जीवन, न संपत्ति और न सम्मान सुरक्षित है भाजपा सरकार में। ढाई वर्ष में ही भाजपा सरकार ने जनता से अपने चाल-चरित्र और चेहरा का जो नया परिचय कराया है, वैसी उम्मीद जनता को कभी नहीं रही। लोकतंत्र में सरकारों का यह नया अनुभव है। यह खतरनाक है।

 

अखिलेश ने जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों का ही दुष्परिणाम है कि महंगाई आसमान से नीचे आने का नाम नहीं ले रही है। भाजपा सरकार जन समस्याओं को सुलझाने के बजाय जीवन को जटिल बनाने में लगी है। लगता है कि भाजपा का वास्तविक एजेण्डा यही है। जनता चैन से न बैठ पाए। भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियां जनता के लिए अभिशाप बन कर आई हैं।

 

भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों एवं नोटबंदी और जीएसटी के कारण नौजवानों के भविष्य के सामने अंधेरी सुरंग है। दूर-दूर तक कुछ नहीं दिखता। न रोजगार न नौकारी की सम्भावना है। छोटे कारोबार कुटीर लघु उद्योग धंधो में उत्पादन से लेकर रोजगार में भारी गिरावट आ गयी है। जीडीपी के आंकड़े तो और भी डरावने हैं।