यूपी में महिला सुरक्षा के लिए पुलिस की वैन सेवा शुरू

युवा गौरव। राज प्रताप सिंह

 

लखनऊ ब्यूरो। प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस महकमे ने नई पहल की है। रात में महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की आपात सेवा-112 की पीआरवी (पुलिस रेस्क्यू व्हीकल) का संचालन किया जाएगा। इन पीआरवी पर अब महिला सिपाही भी तैनात की जाएंगी। यह सेवा रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक पुलिस आपात सेवा-112 डायल कर सुरक्षा मांगने पर दी जाएगी।

 

 

यूपी पुलिस की आपात सेवा-112 के एडीजी असीम अरुण ने बताया कि रात 10 बजे से सुबह 6बजे के बीच यदि कोई महिला सड़क पर अकेली हो और पुलिस आपात नंबर-112 पर काल कर सुरक्षा मांगती है तो पीआरवी यथासंभव एस्कोर्ट करते हुए उन्हें उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाएगी। अपरिहार्य स्थिति में महिला पीआरवी को बुलाया जा सकेगा। जिलों में नियुक्त महिला पुलिस कर्मियों को जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें महिला पीआरवी पर नियुक्त किया जाएगा। यह महिला-पीआरवी सामान्य गश्त व आपात प्रतिक्रिया के काम भी करेंगी। यही पीआरवी केवल 112 पर डायल करने पर ही मिलेंगी। वहीं इन पीआरवी को 112 के कंट्रोलरूम द्वारा निर्देशित कर एस्कोर्ट के लिए भेजा जाएगा। एडीजी-112 असीम अरुण ने कहा कि महिला पीआरवी के संचालन के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी पीआरवी को सुरक्षा एस्कोर्ट के बारे में ब्रीफ किया जा रहा है।

 

 

महिला पीआरवी में रहेंगी दो महिला सिपाही

 

डीजीपी ओपी सिंह ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि दस फीसदी पीआरवी में चालक (पुरुष) व एक पुरुष पुलिस कर्मी के अलावा दो महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाए। इस प्रकार इन पीआरवी पर कुल चार पुलिसकर्मी तैनात होंगे। इन पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण इकाई में प्रशिक्षण भी दिया जाए। डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि महिलाओं को बेहतर सुरक्षा देने के मकसद से यह स्कीम शुरू की जा रही है।