कर्मचारी नेता की अगुवाई में अधिकारियों और कर्मचारियों ने धूमधाम से मनाया होली उत्सव


युवा गौरव। संवाददाता


कानपुर। मोतीझील की जीरो रोड स्थित नगर निगम, विकास प्राधिकरण एवम जलकल विभाग संयुक्त वाहन चालक/कर्मचारी संघ द्वारा होली पूर्व होली उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सभी प्रमुख कर्मचारी नेताओ ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, और सहभागिता देकर कर्मचारियों के मनोबल को उत्साह प्रदान किया। 



कार्यक्रम में सैकड़ो की संख्या में उपस्थित कर्मचारियों ने सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए गले मिलकर साथ निभाने की परंपरा को बढ़ावा दिया। होली उत्सव कार्यक्रम में प्रमुखता इस बात की रही, कि कार्यक्रम में रंगों का प्रयोग न करके फूलों का प्रयोग किया गया। इससे किसान भाइयों को भी लाभ मिलेगा, और केमिकल युक्त रंगों के प्रयोग से भी बचा जा सकेगा। 



कर्मचारी नेताओं ने कर्मचारियों के हित में सदैव संघर्षरत रहने के लिए आश्वासन दिया। और कहा कि किसी भी स्थिति में कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दास्त नही किया जाएगा। इसके लिए अभी तक संघर्ष किया है, और आगे भी दुगुनी ताकत के साथ संघर्ष करेंगे।



रंग की जगह फूलों की होली खेलकर नया संदेश देने का प्रयास किया गया। ढोल नगाड़ों के साथ फूलों के द्वारा होली खेली गई। जिसमें सभी कर्मचारी और कर्मचारी नेताओं ने नाच गा कर उत्सव को फलीभूत किया। सबके मन मे हर्षोल्लास दिखा। सभी एक दूसरे के साथ गले मिलते रहे।



कार्यक्रम में मुख्यरूप से संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार एवम उनकी पूरी टीम कार्यक्रम में उपस्थित रही। वही विभिन्न कर्मचारी अखिलेश सिंह, दिलावल अली, मोहम्मद अली, सुभाष, माधवराज, सुनील सुमन, जोनल प्रभारी स्वर्ण सिंह, अधिशाषी अभियंता एस के सिंह, पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ ए के सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।