यूपी के खराब कानून-व्यवस्था की चर्चा विदेशों में हो रही : अखिलेश

 

युवा गौरव। राज प्रताप सिंह

 

लखनऊ ब्यूरो। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि जंगलराज में दिन पर दिन खतरनाक होती कानून-व्यवस्था से देश ही नहीं विदेशों तक में उत्तर प्रदेश की बदनामी हो रही है। इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

 

अखिलेश ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि कानून की लचर व्यवस्था और पुलिस तंत्र की संवेदनहीनता के चलते प्रदेश की बहू-बेटियों की जिंदगी असुरक्षित है। विडंबना है कि मुख्यमंत्री के बयानों और सरकार के फैसलों के बावजूद महिलाएं व बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। यही नहीं दुष्कर्म के साथ जिंदा जला देने जैसे जघन्य कांड भी होने लगे हैं।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सोमवार को ताबड़तोड़ कई घोषणाएं कीं। फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट, रात में महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए पुलिस फोर्स जैसी व्यवस्थाओं पर प्रदेश मंत्रिमंडल ने फैसला किया। पहले भी सख्त से सख्त कार्रवाई और अपराध के प्रति जीरों टालरेंस जैसे मुहावरे सुने गए हैं। पर, नतीजा हर बार ढाक के तीन पात जैसा दिखाई दिया है।

 

चुटकी लेते हुए कहा कि अभी बदांयू में सिविल लाइंस क्षेत्र की एक छात्रा को शोहदे ने छेड़ा तो हेल्पलाइन-181 पर मदद मांगी। पुलिस का जवाब मिला हमारी गाड़ी में डीजल नहीं है। पीड़िता के फोन पर उसे तत्काल रिस्पांस नहीं मिलने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार तो विभाजनकारी नीतियां बनाने में ही लगी रहती है। क्या भाजपा के मुख्यमंत्री में नारी के सम्मान के लिए अंशमात्र भी संवेदनशीलता नहीं बची है?